,

अब्दुल कय्यूम अंसारी एवं शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित

लखनऊ। ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम महाज़ की ओर से बुधवार को राष्ट्रीय कार्यालय, लखनऊ में महान स्वतंत्रता सेनानी अब्दुल कय्यूम अंसारी एवं परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव मो. इलियास ने की। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मारूफ अली अंसारी ने कहा कि अब्दुल कय्यूम अंसारी ने भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा देश की एकता, अखंडता और सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने विभाजनकारी राजनीति का विरोध करते हुए समाज के वंचित, पिछड़े एवं बुनकर वर्गों के अधिकारों की सशक्त आवाज़ बुलंद की।

प्रदेश उपाध्यक्ष फरीद सलमानी ने कहा कि परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद का अद्वितीय शौर्य और राष्ट्रभक्ति प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में वीर अब्दुल हमीद ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन के कई पैटन टैंकों को ध्वस्त किया और मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शाहीन अंसारी ने कहा कि अब्दुल कय्यूम अंसारी और शहीद वीर अब्दुल हमीद का जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता, त्याग और समर्पण का अनुपम उदाहरण है। नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण, सामाजिक न्याय और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लेना चाहिए।

गोष्ठी के दौरान उपस्थित लोगों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों पर चलने तथा समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर संगठन का विस्तार करते हुए मोहम्मद सादान गनी को जिला सचिव, लखनऊ मनोनीत किए जाने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में पसमांदा विषय पर शोध कर रहे पीएचडी स्कॉलर आमिर फैसल, मिहिंपुरवा (बहराइच) के ब्लॉक संरक्षक शकील लेड़ी, कार्यालय सचिव एहतेशाम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Author

Ethesham